राजिम/कोरबा। छत्तीसगढ़ में देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को सकते में डाल दिया। राजिम के फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर सीमेंट से भरी ट्रक पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं कोरबा में तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिया से पलटी सीमेंट से भरी ट्रक

राजिम के फिंगेश्वर-महासमुंद प्रमुख मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी स्थित पुलिया के पास सोमवार देर रात सीमेंट से भरी एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, वाहन चालक की लापरवाही से ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

ग्रामीणों के अनुसार, फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी के पास स्थित पुलिया में रेलिंग नहीं होने के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है। इससे पहले भी कई वाहन पुलिया से नीचे गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

वहीं कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पढ़िए पूरी खबर

मृतक की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह कंवर काम से साइकिल पर कोरबा गए थे और देर रात अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी उठाई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H