Census 2027. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना 2027 के अंतर्गत अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘आज श्री गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में जनगणना-2027 के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से ‘स्व-गणना’ की प्रक्रिया पूर्ण कर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर गौरवान्वित हूं. यह जनगणना सिर्फ जनसंख्या की गणना भर नहीं है बल्कि समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का सशक्त आधार भी है. सभी प्रदेश वासियों से अपील है कि वे डिजिटल स्व-गणना के माध्यम से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.’

जनगणना-2027 के पहले चरण में हाउस लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसमें नागरिकों से कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे. इस चरण का मकसद हर घर और परिवार से जुड़ी बुनियादी जानकारी जुटाना है, ताकि आगे की जनगणना अधिक सटीक और व्यवस्थित तरीके से की जा सके.
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी के निर्देश पर जनहानि, पशुहानि और मकानक्षति पर मुआवजा वितरित, 127 मृतकों को परिवारों को दिए 4-4 लाख रुपये
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 8 जनवरी को बताया था कि देश में होने वाली जनगणना 2027 का पहला फेज 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच किया जाएगा. हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने यहां 30 दिनों में यह काम पूरा करेंगे. सरकार ने यह भी कहा कि घरों की लिस्टिंग शुरू होने से 15 दिन पहले लोगों को खुद से जानकारी भरने (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी दिया जाएगा. दरअसल जनगणना 2021 में होनी थी, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टाल दिया गया था, जो अब 2027 में पूरी होगी.
सरकार ने उन लोगों के लिए एक खास पोर्टल खोला है जो ‘सेल्फ-एन्युमरेशन’ का विकल्प चुनना चाहते हैं. यानी अब आप खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे. यह सुविधा जनगणना के दोनों चरणों ‘हाउसलिस्टिंग’ (HLO) और ‘जनसंख्या गणना’ के लिए उपलब्ध होगी. जनता की आसानी के लिए पोर्टल पर 33 अक्सर पूछे जाने वाले सवालों की पूरी लिस्ट दी गई है. सरकार ने साफ कर दिया है कि 1 अप्रैल 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा. इस दौरान घर-घर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से नागरिकों से 33 सवाल पूछे जाएंगे.

