लखनऊ. आंधी तूफान से जनहानि, पशुहानि और मकानक्षति को लेकर सीएम योगी के निर्देश पर मुआवजा वितरित किया गया है. जिसके तहत 127 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की राशि दी गई है. वहीं आंधी से क्षतिग्रस्त हुए 352 मकानों को भी मुआवजा दिया गया है. सभी पीड़ितों को डीएम ने मुआवजा राशि सौंपी. साथ ही 158 पशुहानि होने पर भी मुआवजा दिया गया है. सीएम योगी का साफ संदेश है कि सरकार किसी भी आपदा के समय प्रदेशवासियों संग खड़ी है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई. दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवा के कारण यूपी के कई जिलों में 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से आंधी चली. जिसके कारण प्रदेश के अलग-अलग जिलो में खंभे, दीवार, टीनशेड और पेड़ गिरने से कुल 111 लोगों की मौत हो गई. जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए है। 170 पशुओं की मौत हुई और 227 मकान क्षतिग्रस्त हो गए.

इसे भी पढ़ें : मायावती ने आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों के लिए शासन से की मदद की मांग, पेट्रोल के बढ़े दाम को लेकर कही ये बात

सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी.उन्होंने बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को मुआवजा देने का निर्देश दिया था और कहा था कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए. सीएम ने सभी जिलों के DM को फील्ड पर उतरने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कहा कि पीड़ितों से मिलकर हरसंभव मदद करें और जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद जाकर मुलाकात करें. पीड़ितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.