लखनऊ. उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 111 लोगों की मौत हुई है. इसे लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने शासन से इन प्रभावित परिवारों की मदद की मांग की है. मायावती ने एक्स पर लिखा कि अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में जबरदस्त आंधी-तूफान से हुई जान-माल की भारी तबाही से प्रभावित लोगों और परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार को अपनी पूरी उदारता बरतते हुए हर प्रकार से उनके सहयोग के लिए आगे आना चाहिए. ताकि वे लोग अपने उजड़े और बिखरे हुए पारिवारिक जीवन को समेट कर दोबारा से अपनी जिंदगी शुरू कर सकें.
इसके साथ ही मायावती ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी शासन से अपील की है. उन्होंने कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों आदि, इन आवश्यक वस्तुओं के मूल्य में अनवरत वृद्धि को जारी रखते हुए केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल आदि की कीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करोड़ों गरीबों और मेहनतकश परिवारों, खेती-किसानी आदि के साथ-साथ मिडिल क्लास के जीवन को भी बुरी तरह से प्रभावित करेगा. इस महंगाई का सीधा असर इन सबके परिवार के पालन-पोषण पर पड़ेगा. इसीलिए सरकार को महंगाई और जीवन दुष्कर करने वाली इस प्रकार की नियमित वृद्धि को कम करने के लिए जरूरी सार्थक कदम उठाने चाहिए, यही समय की मांग है.
इसे भी पढ़ें : सरकार पीड़ित परिवारों के साथ… यूपी में आंधी-बारिश से मरने वालों की संख्या हुई 111, केंद्रीय रक्षा मंत्री ने जताया शोक
बता दें कि उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई. दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवा के कारण यूपी के कई जिलों में 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से आंधी चली. जिसके कारण प्रदेश के अलग-अलग जिलो में खंभे, दीवार, टीनशेड और पेड़ गिरने से कुल 111 लोगों की मौत हो गई. जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए है. 170 पशुओं की मौत हुई और 227 मकान क्षतिग्रस्त हो गए.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को मुआवजा देने का निर्देश दिया और कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए. सीएम ने सभी जिलों के DM को फील्ड पर उतरने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कहा कि पीड़ितों से मिलकर हरसंभव मदद करें और जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद जाकर मुलाकात करें. पीड़ितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

