शिवम मिश्रा, रायपुर। 3000 करोड़ रूपये के शराब घोटाले मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल और उनके करीबियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चल रही छापेमारी की कार्रवाई खत्म हो गई है। करीब 10 घंटे तक चली इस कार्रवाई में ED की टीम ने कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सामान जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े कुछ लोगों को समन जारी कर जल्द पूछताछ कर सकती है।

इन ठिकानों पर हुई थी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ED की टीम ने गुरुवार सुबह रायपुर, धमतरी और दुर्ग समेत कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, जीडी लॉजिस्टिक्स के संचालक अनूप अग्रवाल, डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल और रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर जांच एजेंसी की टीम पहुंची। इस दौरान करीब 10 घंटे तक दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई।

रायपुर में दबिश

रायपुर के रविनगर स्थित अनूप अग्रवाल के घर और कार्यालय समेत अन्य ठिकानों पर ED की टीम पहुंची। अधिकारियों ने यहां दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की।

रामगोपाल और उनके भतीजे के घर छापा

धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल और उनके भतीजे प्रतीक अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता रामगोपाल अग्रवाल के निवास के सामने धरने पर बैठ गए। धमतरी विधायक ओंकार साहू समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED की कार्रवाई का विरोध किया।

रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर छापा

दुर्ग जिले में ED की टीम ने रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर भी दबिश दी। टीम ने उनके निवास और दुकानों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम करीब तीन गाड़ियों से दुर्ग के जैन गली स्थित परिसर में पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान 12 से अधिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया था।

बता दें कि रामगोपाल अग्रवाल का नाम शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच में सामने आया है। इससे पहले ED ने उन्हें गिरफ्तार किया था और PMLA कोर्ट ने मंगलवार को उन्हें सात दिन की ED की हिरासत में भेजा था। एजेंसी इन मामलों में मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H