दिलशाद अहमद, सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जंगल में एक मादा भालू, एक नर भालू और एक शावक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाई टेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था। आशंका है कि उसी की चपेट में आने से तीनों भालुओं की मौत हुई है।

narayana

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने नियमानुसार तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत की वजह

वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही भालुओं की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। यदि करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है तो बिजली विभाग की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m