रोहित कश्यप, मुंगेली। पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के शासकीय बैंक खाते से कुल 26 लाख 87 हजार रुपये के अनधिकृत लेन-देन के मामले में मुंगेली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा में पदस्थ रहे बैंक लिपिक टिकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 318(4) एवं 316(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को 23 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर 24 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

कलेक्टर के आदेश पर शुरू हुई जांच

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को मुंगेली कलेक्टर के आदेश क्रमांक 15388/राजस्व/अधोसंरचना/2026 के आधार पर पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के शासकीय खाते क्रमांक 3742452827, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मुंगेली से संबंधित अनाधिकृत लेन-देन की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रारंभिक जांच करते हुए उपलब्ध दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड का परीक्षण किया तथा अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

30 सितंबर से 8 अक्टूबर 2025 के बीच हुए लेन-देन

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि 30 सितंबर 2025 से 8 अक्टूबर 2025 के बीच उक्त शासकीय खाते से कुल 7 बार अनाधिकृत ट्रांजेक्शन किए गए। इन लेन-देन के माध्यम से कुल 26,87,000 रुपये की राशि का आहरण और पुनः जमा कर अनियमित रूप से लेन-देन किया जाना पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि 30 सितंबर 2025 को उक्त शासकीय खाते से आरोपी के व्यक्तिगत बैंक खाते में 8.50 लाख रुपये स्थानांतरित किए गए। इसके बाद 1 अक्टूबर 2025 को मंजुलता पटेल के बैंक खाते में 9.19 लाख रुपये और 9.18 लाख रुपये, इस प्रकार कुल 26.87 लाख रुपये का अनाधिकृत अंतरण किया गया।पुलिस के अनुसार इसमें से 1 लाख 61 हजार 500 रुपये की ओवर रकम शासन के खाते में वापस हो गई थी।

बैंक में लिपिक के पद पर पदस्थ था आरोपी

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी टिकेश कुमार, पिता स्व. रैन सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खैरवाही, थाना चारामा, जिला कांकेर, वर्तमान पता हांडीपारा, तात्यापारा चौक, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर है।आरोपी 29 अगस्त 2022 से 27 जनवरी 2026 तक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मुंगेली में क्लर्क (लिपिक) के पद पर पदस्थ रहा। पुलिस के अनुसार बैंक प्रबंधन द्वारा उसे ग्राहक केवाईसी, मोबाइल नंबर लिंकिंग, खाता संचालन, एनईएफटी/आरटीजीएस सहित राशि अंतरण जैसे बैंकिंग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।पुलिस के मुताबिक बैंक मैनेजर के निर्देश पर पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के बंद शासकीय खाते को पुनः सक्रिय कराया गया था। इसी खाते से बाद में अनाधिकृत राशि अंतरण किए जाने की बात विवेचना में सामने आई है।

आरोपी ने मैनेजर के अप्रूवल के बाद ट्रांजेक्शन की बात कही

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उक्त राशि का अंतरण बैंक मैनेजर के अप्रूवल (अनुमोदन) के पश्चात सीबीएस प्रणाली के माध्यम से किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कथन के साथ उपलब्ध बैंकिंग दस्तावेज, लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड, सीबीएस प्रणाली में दर्ज विवरण और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया।इन बैंकिंग रिकॉर्ड एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की भूमिका प्रथम दृष्टया पाए जाने पर प्रकरण में धारा 316(5) बीएनएस भी जोड़ी। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद टिकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर बैंकिंग रिकॉर्ड की बारीकी से जांच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शासकीय राशि से संबंधित अनाधिकृत लेन-देन की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए थे। साथ ही बैंकिंग रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों का सूक्ष्मता से परीक्षण करने तथा प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।एसएसपी के निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने संबंधित बैंक खाते, ट्रांजेक्शन विवरण, संबंधित व्यक्तियों के बैंक खातों, दर्ज रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

23 सितंबर को गिरफ्तारी, 24 सितंबर को न्यायिक रिमांड

विवेचना के दौरान आरोपी टिकेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका प्रथम दृष्टया सामने आने के बाद उसे 23 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि ईश्वर सिंह राजपूत तथा आरक्षक विकास ठाकुर, योगेश यादव और मनोज टंडन की अहम भूमिका रही।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H