CG Weather Update : रायपुर. छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोग हलाकान हो रहे हैं. पारा 45 डिग्री के पार हो चुका है. सबसे ज्यादा मध्य इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवा के कारण बस्तर इलाकों में बारिश की संभावना है.

पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा. सबसे ज्यादा गर्म राजनंदगांव रहा, यहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है. वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक द्रोणिका गति उत्तर अंदरूनी कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक प्रति चक्रवात अंदरूनी महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.

बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आने के कारण प्रदेश में 26 अप्रैल को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने के आसार हैं. वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है. वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर संभाग के जिले संभावित है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी में आज भी ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है. वहीं लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के गौरेला- पेण्ड्रा -मरवाही, मुंगेली, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिलों में एक दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है.