सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक जानकारियों का खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम में प्रकाशित सभी अभ्यर्थियों के नाम वही हैं, जो संबंधित उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन पत्र में स्वयं दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे। लल्लूराम डॉट कॉम ने भी इन नामों वाले अभ्यर्थियों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने पूरी सच्चाई बताई है।

दरअसल, CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 का प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कई तरह की पोस्ट, रील्स और शॉर्ट्स वीडियो वायरल होने लगे।

इन नामों को लेकर उड़ाई जा रही थीं अफवाहें

आयोग के मुताबिक, सोशल मीडिया पर NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHLAD, TUFAIL सहित कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी प्रसारित की जा रही है। इन नामों का उपहास करते हुए परीक्षा परिणाम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने की कोशिश की जा रही थी।

CGPSC ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे ऐसे दावे पूरी तरह निराधार हैं और आयोग उनका स्पष्ट रूप से खंडन करता है।

आवेदन में दर्ज नाम ही परिणाम में प्रकाशित

आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित नाम वही हैं, जो अभ्यर्थियों ने अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे। इसी नाम के आधार पर अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षण और प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे। उनके प्रवेश-पत्र (Admit Card) में भी यही नाम प्रदर्शित किए गए थे।

इसलिए परिणाम में प्रकाशित नामों को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति पैदा करना या परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाना तथ्यहीन है।

देखें खंडन

लल्लूराम डॉट कॉम ने न्यूज कुमार और स्पेस रानी से की बात

लोक सेवा आयोग के दावे के बाद लल्लूराम डॉट कॉम की टीम ने चयनित अभ्यर्थियों से बातचीत की। चयनित अभ्यर्थी न्यूज कुमार ने बताया कि उनके नाम में “न्यूज” पहले से ही दर्ज है। उन्होंने कहा, “मेरी मार्कशीट में भी न्यूज लिखा हुआ है, इसलिए नाम में न्यूज ही चल रहा है।”

उन्होंने बताया कि आज सुबह सीजीपीएससी की ओर से भी उन्हें कॉल आया था। सत्यापन के लिए उन्होंने आधार कार्ड के साथ-साथ दसवीं और बारहवीं की मार्कशीट भी भेजी है।

वहीं, स्पेस रानी से भी फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने कहा, “मैं बहुत परेशान हो गई हूं। लोग बिना जांच-पड़ताल किए सवाल क्यों उठा रहे हैं?” उन्होंने भी सबूत के तौर पर अपना आधार कार्ड भेजा है। इसके अलावा चयनित अभ्यर्थी हे राम से भी बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि सीजीपीएससी की ओर से उन्हें भी कॉल आया था और सत्यापन के लिए उन्होंने अपना आधार कार्ड उपलब्ध कराया है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से की अपील

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट और भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें। आयोग ने कहा कि परीक्षा और भर्ती से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी को ही प्रमाणिक माना जाए।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H