प्रमोद कुमार, कैमूर। गया रेल पुलिस ने करीब 2 करोड़ 92 लाख रुपये के सोना लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अधिकारी बताकर सोने की लूट
दरअसल, पुलिस के अनुसार, बरेली की एक फर्म का कर्मचारी संजीव चौहान कोलकाता से चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए सोना लेकर बरेली लौट रहे थे। इसी दौरान भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर दो अज्ञात अपराधियों ने खुद को अधिकारी बताकर कर्मचारी से करीब 2 किलो 6 ग्राम सोना लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
एसआईटी ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में रेल थाना भभुआ में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस पटना के द्वारा एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बरेली, शाहजहांपुर और कासगंज से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गया रेल डीएसपी गुलशन कुमार का बयान
वही गया रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि बरेली यूपी के रहने वाले एक फोरम के कर्मचारी कोलकाता से चंबल एक्सप्रेस ट्रेन से बरेली लौट रहा था तभी भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर खुद को कर्मचारी बता कर डरा धमका कर कर्मचारी से सोने लूटकर फरार हो गए। कर्मचारी ने रेल थाना भभुआ में मामले को दर्ज कराया।
इसके बाद पटना रेल एसपी के निर्देश पर एसआईटी टीम गठित किया गया, जिसके बाद पुलिस अनुसंधान से मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ किया जा रहा है कि इस गिरोह में कितने लोग और शामिल है? पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें- भागलपुर जंक्शन पर फायरिंग और चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों का तांडव, 2 घायल

