हांसी। चानौत धरना मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को बुधवार को अदालत से जमानत मिल गई। हांसी पुलिस ने एक दिन के रिमांड के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां सुनवाई के दौरान अदालत ने जमानत मंजूर कर दी।

पुलिस के अनुसार, सोमेश शर्मा पर 20 जून को भाखड़ा नहर से हांसी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन में कथित रूप से अवैध ‘टी’ (कनेक्शन) लगवाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

रामायण टोल से हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सोमेश शर्मा दिल्ली की ओर जाने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को रामायण टोल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

रिमांड के बाद कोर्ट से राहत

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।