अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. चकिया कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को खिलाने के बहाने घर से बाहर लेकर गया था. आरोप है कि इसी दौरान उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया. करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी बच्ची को घर के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही चकिया पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई. थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को इंटर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकिया कोतवाली क्षेत्र के मोहन प्रजापति के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड में नया मोड़: गर्भपात के बाद ऐसा क्या हुआ कि एक ही झटके में खत्म हो गईं तीन जिंदगियां?
सीओ चकिया अजीत सिंह चौहान ने बताया, “मासूम बच्ची से संबंधित घटना की सूचना मिलते ही चकिया पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

