अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. पड़ाव क्षेत्र के ग्राम सभा मड़िया में लंबे समय से सड़क किनारे जमा कूड़े के अंबार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर उतर आया. मुख्य मार्ग पर कूड़े के ढेर के पास ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर पंचायत प्रशासन और सफाई व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब सात महीने से मुख्य मार्ग के किनारे कूड़ा जमा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत प्रशासन की ओर से नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है. इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का पड़ाव बाजार की ओर आवागमन होता है. कूड़े के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है. कूड़े का ढेर पानी में सड़ने से आसपास तेज दुर्गंध फैल रही है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें : UP फतेह की तैयारी! संघ और संगठन के गठजोड़ से भाजपा के लिए सियासी पिच तैयार करेंगे विनोद तावड़े, 27 चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
धरने के दौरान ग्रामीणों ने नारे लगाए. ग्रामीणों का कहना है कि सफाई और कूड़ा उठाने के लिए वाहन उपलब्ध होने के बावजूद गांव में नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जाता. धरने का नेतृत्व कर रहे स्थानीय निवासी शुभम यादव उर्फ चंदन ने कहा कि मड़िया गांव की करीब एक हजार आबादी प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करती है. लंबे समय से कूड़ा पड़ा होने के कारण लोग परेशान हैं. उन्होंने अधिकारियों से दो दिन के भीतर कूड़ा हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की.
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के लिए कूड़ा उठाने का वाहन होने के बावजूद लंबे समय से वह नियमित रूप से गांव में नहीं आता. पूर्व में भी समस्या की शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी सुनवाई नहीं हुई. आक्रोशित ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कूड़ा नहीं हटाया गया तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा.



