अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. चंदासी पावर हाउस के पास सेंट मैरी स्कूल जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया. गड्ढों और जलभराव से परेशान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध जताया. सपा नेताओं ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की और समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी.
सपा नेता चंद्रशेखर यादव ने कहा कि यह मार्ग आसपास के सैकड़ों गांवों को जोड़ता है. इसी रास्ते से सेंट मैरी स्कूल में पढ़ने वाले बड़ी संख्या में बच्चे ऑटो, मैजिक और बसों से आवागमन करते हैं. सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने और बारिश का पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. उन्होंने दावा किया कि गड्ढों के कारण छोटे वाहन आए दिन पलटने की स्थिति में पहुंच रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : आदमखोर का आतंकः तेंदुए के हमले से एक और मां की गोद हुई सूनी, अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गई 3 साल की मासूम
चंद्रशेखर ने मुगलसराय विधायक पर सोशल मीडिया के माध्यम से विकास के दावे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी हकीकत भी देखी जानी चाहिए. नगर के विभिन्न वार्डों में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या का भी उन्होंने मुद्दा उठाया.
सपा जिला उपाध्यक्ष सुदामा यादव ने कहा कि बदहाल सड़क से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बरसात से पहले सड़क निर्माण कराया गया, लेकिन अभी तक गिट्टी फैली हुई है. उन्होंने सड़क निर्माण में अनियमितता और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए. उन्होंने जिला प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय में सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो सपा कार्यकर्ता व्यापक आंदोलन करेंगे.



