अनूप मिश्रा, बहराइच. नानपारा कोतवाली क्षेत्र के खटकन पुरवा जुड़ा गांव में तेंदुए के हमले में घायल 3 वर्षीय मासूम लाडो की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई. शनिवार देर रात बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. रविवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वन विभाग ने नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही है.

इसे भी पढ़ें- ‘निकाले गए लोग फैला रहे हैं भ्रम…’ आकाश आनंद पर फिर भड़की मायावती, तबीयत को लेकर तोड़ी चुप्पी

जानकारी के मुताबिक, घटना करीब एक सप्ताह पहले रविवार शाम करीब सात बजे हुई थी. खटकन पुरवा जुड़ा गांव निवासी सीताराम की पत्नी अनीता घर के आंगन में नल पर पानी भर रही थीं. उनकी तीन वर्षीय बेटी लाडो भी पास में खड़ी थी. इसी दौरान अचानक घर में घुसे एक तेंदुए ने बच्ची पर हमला कर दिया था. तेंदुआ बच्ची को अपने जबड़े में दबाकर खेतों की ओर भाग निकला. बेटी को तेंदुए के मुंह में देखकर मां अनीता ने शोर मचाया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए के पीछे दौड़ पड़े. ग्रामीणों के पीछा करने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया था.

इसे भी पढ़ें- ‘पीटेंगे, डकैती डालेंगे, अपहरण करेंगे’ धर्मपाल सिंह ने बताया अखिलेश के PDA का नया ‘फुल फॉर्म’, मचा भारी बवाल

ग्रामीणों ने बच्ची को गंभीर हालत में बरामद कर परिजनों को सौंपा. परिजन तत्काल उसे नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया था. इसके बाद से लाडो का लखनऊ में इलाज चल रहा था. डीएफओ सुन्दरेसा ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल मासूम की मौत की जानकारी मिली है. वन विभाग की ओर से जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी.