सतीश सिंह, लखनऊ. लखनऊ का ईको गार्डन शुक्रवार को सामाजिक न्याय और चुनावी व्यवस्था को लेकर उठी मांगों का केंद्र बना. जहां ‘मंडल चेतना जन आंदोलन’ के मंच से नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर घेरते हुए चुनावी सुधारों से लेकर मंडल आयोग की सिफारिशों तक को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया.
हजारों समर्थकों की मौजूदगी में चंद्रशेखर आजाद ने “बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ, ईवीएम हटाओ” का नारा बुलंद करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का भरोसा सर्वोपरि है. उन्होंने मांग की कि देश में चुनाव फिर से बैलेट पेपर से कराए जाएं. साथ ही उन्होंने देशव्यापी जाति आधारित जनगणना, मंडल आयोग की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई. अपने संबोधन में चंद्रशेखर ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई अभी अधूरी है और पिछड़े, दलित एवं वंचित समाज को उनका पूरा संवैधानिक अधिकार मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि जहां-जहां आंदोलन की आवाज पहुंचेगी, वहीं बदलाव की नई शुरुआत होगी.
इसे भी पढ़ें : अब UP माफिया और दंगा मुक्त: 706 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात के बीच योगी का विपक्ष पर हमला
चंद्रशेखर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह ने मंडल आयोग की सिफारिशें लागू कर करोड़ों पिछड़े वर्ग के लोगों को सम्मान और अवसर दिलाने का काम किया था. इसलिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए. चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन आंदोलन के दो बड़े नेताओं कांशीराम और रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि आज सामाजिक न्याय की जो लड़ाई दिखाई देती है, उसकी मजबूत नींव इन्हीं नेताओं ने रखी थी. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रही है. उन्होंने विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इस आंदोलन को चुनावी नजरिए से देख रहे हैं, जबकि यह सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है. उन्होंने दावा किया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और उनके कार्यकर्ता हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं.
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने “ओबीसी समाज की जाति आधारित जनगणना करो, वरना कुर्सी खाली करो” और “बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारों से माहौल गर्माए रखा. इस दौरान पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं पार्टी नेता आदित्य प्रकाश वर्मा ने कहा कि संविधान में 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान होने के बावजूद पिछड़े वर्गों को उसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने आरक्षण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की. सभा के दौरान बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक बाल गोविंद राजवंशी ने अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. पार्टी ने इसे संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया.


