सतीश सिंह, अंबेडकरनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर में 706 करोड़ से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडागर्दी, माफिया, दंगों और भ्रष्टाचार से थी, जबकि आज प्रदेश “माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त, दंगामुक्त और कर्फ्यू मुक्त” बन चुका है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में यह कहावत आम हो गई थी कि “जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, समझो उसमें कोई सपा का गुंडा.” उनके अनुसार सपा शासन में थानों और तहसीलों पर दबंगों का कब्जा था तथा हर जिले में बालू, भू और वन माफिया सक्रिय थे. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की नौकरियों में भी वसूली होती थी और योग्य अभ्यर्थी खुद को ठगा हुआ महसूस करते थे.

इसे भी पढ़ें : ‘पहले शपथ, फिर हाजिरी’… यूपी के कॉलेजों को ड्रग-फ्री बनाने के लिए योगी सरकार का नया प्लान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने अवैध खनन, भू-माफियाओं और सरकारी धन की लूट पर रोक लगाकर उसी धन को विकास कार्यों में लगाया है. उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर में दिखाई दे रहे विकास कार्य इसी नीति का परिणाम हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की विकास में कोई रुचि नहीं है और पशु तस्करी जैसे अवैध धंधों पर कार्रवाई से उनकी नाराजगी बढ़ी है.

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया, कालाजार और चिकनगुनिया प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती थे. उन्होंने दावा किया कि उस समय हर वर्ष बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी, जबकि अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं. अन्नप्राशन कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान प्रदेश के सुरक्षित भविष्य का संदेश दे रही है.

इसे भी पढ़ें : UP में मातृ मृत्यु रोकने की नई रणनीति, सरकार और आयुष विश्वविद्यालय मिलकर तैयार करेंगे हेल्थ ब्लूप्रिंट

कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दंगाइयों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था, जबकि अब दंगा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होती है. संभल और बरेली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी उपद्रव से सख्ती से निपटने में पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि अब जो दंगे की धमकी देता है, उसे कानून के अनुसार जवाब मिलता है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष के शीर्ष नेतृत्व पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले अंधविश्वास के कारण मुख्यमंत्री कुछ स्थानों पर जाने से बचते थे, जबकि उनकी सरकार जनता के बीच जाकर काम करने में विश्वास करती है. उन्होंने विपक्ष पर जनता से कटे रहने का भी आरोप लगाया.

इतिहास के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने महाराजा सुहेलदेव का सम्मान नहीं किया और विदेशी आक्रांता सलार मसूद से जुड़े आयोजनों को बढ़ावा दिया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक और कार्यक्रम शुरू किए तथा विदेशी आक्रांताओं के नाम पर होने वाले आयोजनों को बंद कराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज, पारदर्शी शासन और तेज विकास ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रदेश अब निवेश, सुरक्षा और विकास के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है.