अजय सैनी, भिवानी। गांव चांग के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन की वर्षों पुरानी मांग को लेकर चल रहे संघर्ष के बीच बड़ी खबर सामने आई है। CJP की ओर से गुरुवार को स्कूल के बाहर धरने की तैयारी के बीच सरकार की ओर से रात में नए भवन की टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई। इसके बाद ग्रामीणों और युवाओं ने लड्डू बांटकर खुशी जताई। हालांकि, टेंडर की राशि और निर्माण की समयसीमा को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान और किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष एवं CJP नेता लोकेश भिवानी ने 29 अगस्त को ग्रामीणों के साथ स्कूल का दौरा किया था। इस दौरान स्कूल के जर्जर भवन, कमरों की कमी और छात्राओं को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया गया था।
विद्यालय में पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण कक्षाएं दो शिफ्टों में संचालित हो रही हैं। CJP के स्कूल ठीक करो अभियान के तहत इस मुद्दे को सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से भी प्रमुखता से उठाया गया।
टेंडर राशि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
नए भवन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आने के बाद राशि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। खबरों में 3 करोड़ 30 लाख रुपये की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की बात कही जा रही है। वहीं सामने आए आधिकारिक दस्तावेज में 2 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि दिखाई दे रही है।
CJP ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से टेंडर की वास्तविक राशि, टेंडर जारी होने की तारीख और निर्माण की समयसीमा स्पष्ट करने की मांग की है।
2 अक्टूबर तक काम शुरू करने का अल्टीमेटम
CJP ने कहा है कि सिर्फ टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा पर्याप्त नहीं है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि 2 अक्टूबर 2026 तक स्कूल की जमीन पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर अगला बड़ा निर्णय लिया जाएगा।
संगठन का कहना है कि चांग की 287 बेटियों को अब सिर्फ आश्वासन नहीं चाहिए। उन्हें निर्माण शुरू होने और भवन पूरा होने की निश्चित तारीख चाहिए।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने कहा कि चांग की बेटियां वर्षों से बेहतर स्कूल भवन का इंतजार कर रही हैं। टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की बात संघर्ष की पहली सफलता है। अब सरकार को टेंडर की वास्तविक राशि और निर्माण की समयसीमा स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर तक जमीन पर काम शुरू होना चाहिए।
किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष एवं CJP नेता लोकेश भिवानी ने कहा कि चांग के ग्रामीणों और युवाओं की एकजुटता से यह मुद्दा सरकार तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि धरने से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की बात सामने आना संघर्ष की पहली जीत है, लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। 287 बेटियों का भविष्य फाइलों में नहीं अटकने देंगे। 2 अक्टूबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले स्तर पर ले जाएंगे
युवाओं ने कहा, असली खुशी निर्माण शुरू होने पर होगी
CJP सदस्य मनीष रंगा, रोहित दहिया, पंकज धनुष, प्रदीप बेरवाल, सोमबीर तंवर, दिनेश सभरवाल और सनी दादमे ने संयुक्त रूप से कहा कि टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की बात सकारात्मक कदम है। अब किसी और देरी की गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने कहा कि लड्डू बांटकर खुशी जरूर मनाई गई है, लेकिन असली खुशी स्कूल की जमीन पर निर्माण शुरू होने के दिन होगी। युवाओं ने सरकार से टेंडर की वास्तविक राशि सार्वजनिक करने, निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने और भवन पूरा होने की निश्चित तारीख बताने की मांग की।
इस दौरान हनुमान, लोकेश ग्रेवाल, लक्की, महेश, अंकित, मयंक, ऋषि तंवर, चिराग, विकास सहित अन्य युवा साथी और ग्रामीण मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



