धनेश , रेवाड़ी। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के परिणामों के बाद नई आबादी क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नवनिर्वाचित पार्षद एडवोकेट चंदन यादव के विजय जुलूस के दौरान हिंसा की घटना सामने आई।

जानकारी के अनुसार जुलूस के दौरान पूर्व पार्षद दिलीप माटा और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों पर हमला हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह हमला राजनीतिक रंजिश के चलते किया गया और इसमें विरोधी पक्ष के समर्थकों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।

वहीं, बार एसोसिएशन रेवाड़ी ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों की पैरवी न करने की बात कही है और जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।