Chardham Yatra 2026. चारधाम यात्रा के शुरू होने से लेकर अब तक करीब 13 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की मौत के आंकड़े भी बढ़े हैं. उत्तराखंड चारधाम की यात्रा शुरू होने के बाद से 14 मई की शाम तक 45 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो चुकी है. जिसमें कई मामले हृदय गति रुक जाना मौत की वजह है. चारधाम यात्रा मार्गों पर लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं के मौतों के आंकड़े ने राज्य सरकार की चिंताओं को बढ़ा दिया.

उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक बीते 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुले थे, जिसके बाद से लेकर 14 मई तक यानी इन 23 दिनों के भीतर 24 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. आंकड़ों पर गौर करें तो हर रोज करीब एक श्रद्धालु की मौत हो रही है. इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम में 8 श्रद्धालुओं, गंगोत्री धाम में 7 श्रद्धालुओं के साथ ही यमुनोत्री धाम में 6 श्रद्धालुओं की अब तक मौत हो चुकी है.

इसे भी पढ़ें : हर शनिवार को होगा No Vehicle Day, अधिकारी-कर्मचारियों से साइकिल और सार्वजनिक साधन प्रयोग करने की अपील

बता दें कि 5 दिनों तक के आंकड़ों के मुताबिक चारधाम यात्रा में अब तक 12 लाख 60 हजार से भी ज्यादा श्रद्धालु उत्तराखंड के चारों धामों का दर्शन कर चुके हैं. केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है. 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक तीर्थयात्री श्री केदारनाथ धाम में शीश नवा चुके हैं. उच्च हिमालयी क्षेत्र की यात्रा होने से प्रदेश सरकार यहां मौसम के मिजाज पर भी पूरी नजर रखे हुए हैं. मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने पर हर एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए.