सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पुतला दहन का विरोध अब तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में बागेश्वर धाम के भक्त और शिष्य मंडल के सदस्य हाथों में तख्तियां और जुबान पर भगवान श्रीकृष्ण के भजन व ‘जय श्री राधे’ के जयकारे लगाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने हाल ही में शहर के छत्रसाल चौराहे पर बाबा बागेश्वर का पुतला फूंकने वालों के खिलाफ सख्त FIR दर्ज करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
ये भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ यादव समाज का फूटा गुस्सा: भीड़ ने किया पुतला दहन, श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर उठी गिरफ्तारी की मांग
कथा के दौरान दिए गए बयान को लेकर हुआ था विरोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में बाबा बागेश्वर द्वारा कथा के दौरान भक्तों को समझाने और रिझाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के नाम का उल्लेख किया गया था, जिसको लेकर कुछ विरोधियों ने आपत्ति जताते हुए उनका पुतला दहन किया था और सोशल मीडिया पर अपशब्द कहे थे। इसी बात से आहत होकर बागेश्वर धाम के अनुयायी और शिष्य मंडल विरोध दर्ज कराने सड़क पर उतरे। भक्तों का कहना है कि जो संत सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ गरीब बेटियों के विवाह, कैंसर अस्पताल और अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से लगातार समाज सेवा के कार्यों में जुटे हैं, उनके खिलाफ इस तरह का अनर्गल प्रलाप और अपमान बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर समाज को तोड़ने वालों पर भी हो कार्रवाई: शिष्य मंडल
ज्ञापन सौंपने पहुंचे शिष्यों और समर्थकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन असामाजिक तत्वों ने छत्रसाल चौराहे पर पूज्य संत का पुतला जलाया है, उन पर तुरंत FIR दर्ज होनी चाहिए। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सनातन धर्म के विरुद्ध और संतों के खिलाफ भड़काऊ सामग्रियां डालकर समाज को बांटने व तोड़ने का प्रयास करने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कसे। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि वे परिस्थिति कैसी भी हो, सदैव महाराज श्री के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ खड़े रहेंगे।
ये भी पढ़ें: “सिंहस्थ 2028 ऐसा हो जो पहले कभी न हुआ हो”, उज्जैन में हो रहे विकास कार्यों से गदगद हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष, सीएम डॉ मोहन के विजन की सराहना
पूरे मामले पर प्रशासनिक पक्ष रखते हुए सीएसपी (CSP) ने बताया कि शिष्य मंडल एवं अनुयायियों द्वारा इस विषय को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और विरोध प्रदर्शन पर आपत्ति जताई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले के कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

