सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए युग की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने बुधवार को राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता भी उन्होंने की। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव उपस्थित रहे।

राज्य सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को देश की पहली सरकारी स्तर पर आयोजित हॉकी लीग के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ शुरू हुई यह पहल प्रदेश में प्रतिस्पर्धात्मक खेलों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

6 फ्रेंचाइजी टीमों में दिखेगा दिग्गजों और युवा प्रतिभाओं का संगम

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में ओलंपियनों, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, छत्तीसगढ़ के अनुभवी खिलाड़ियों और प्रदेश की युवा प्रतिभाओं का समावेश किया गया है। यह स्वरूप अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच खेल कौशल एवं अनुभव के आदान-प्रदान का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।

लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ इस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता से राज्य में हॉकी को संगठित एवं पेशेवर स्वरूप देने की दिशा में नई संभावनाएं विकसित होंगी। इससे खेल और कॉर्पोरेट क्षेत्र के बीच सहभागिता को बढ़ावा मिलने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार होने की उम्मीद है।

22 अक्टूबर से शुरू होंगे रोमांचक मुकाबले

लीग के प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन दो मुकाबले आयोजित होंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दर्शकों के मनोरंजन के लिए दोनों मुकाबलों के बीच विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लीग के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी प्रस्तावित है। इसके माध्यम से महिला हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में महिला हॉकी को प्रोत्साहन मिलेगा।

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य केवल रोमांचक मुकाबले आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण तैयार करना भी है। अनुभवी खिलाड़ियों और ओलंपियनों के साथ मैदान साझा करने से युवा खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों के दबाव, खेल रणनीति और पेशेवर अनुशासन को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

लीग के जरिए प्रदेश की प्रतिभाओं की पहचान करने, उनके कौशल को निखारने और उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने का भी अवसर मिलेगा।

लीग के सभी मुकाबलों का संचालन हॉकी इंडिया के अधिकारियों एवं ऑफिशियल्स द्वारा किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप नियमों, व्यवस्थाओं और पेशेवर खेल वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा।

दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क, JioHotstar पर होगा सीधा प्रसारण

हॉकी प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। दर्शक स्टेडियम पहुंचकर देश के अनुभवी खिलाड़ियों और प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं के बीच होने वाले मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे JioHotstar पर सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इस दौरान दर्शक हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी मैचों का आनंद ले सकेंगे।

छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की पहल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल यात्रा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अनुभवी खिलाड़ियों के ज्ञान और युवा प्रतिभाओं के उत्साह को एक मंच पर लाने से राज्य में हॉकी के विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। लीग से स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने, अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान दिलाने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) 2026 – पूरा शेड्यूल

22 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेमहिला प्रदर्शनी मैच
शाम 7:30 बजेराजधानी रॉयल्स vs न्यायधानी नाइट्स

23 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेमैनपाट टाइटन्स vs बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजेचक्रधर चैंपियंस vs संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

24 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेराजधानी रॉयल्स vs चक्रधर चैंपियंस
शाम 7:30 बजेन्यायधानी नाइट्स vs संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

25 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेन्यायधानी नाइट्स vs बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजेराजधानी रॉयल्स vs मैनपाट टाइटन्स

26 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेसंस्कारधानी स्ट्राइकर्स vs बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजेचक्रधर चैंपियंस vs मैनपाट टाइटन्स

27 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेन्यायधानी नाइट्स vs चक्रधर चैंपियंस
शाम 7:30 बजेराजधानी रॉयल्स vs संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

28 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेन्यायधानी नाइट्स vs मैनपाट टाइटन्स
शाम 7:30 बजेराजधानी रॉयल्स vs बैलाडीला बुल्स

29 अक्टूबर

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेसंस्कारधानी स्ट्राइकर्स vs मैनपाट टाइटन्स
शाम 7:30 बजेचक्रधर चैंपियंस vs बैलाडीला बुल्स

30 अक्टूबर

आराम का दिन (Rest Day)

31 अक्टूबर — सेमीफाइनल

समयमुकाबला
शाम 5:30 बजेसेमीफाइनल 1: लीग में पहला स्थान vs चौथा स्थान
शाम 7:30 बजेसेमीफाइनल 2: लीग में दूसरा स्थान vs तीसरा स्थान

1 नवंबर — फाइनल

समयमुकाबला
शाम 7:00 बजेफाइनल मुकाबला

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H