सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में आज दो मुकाबले खेले गए। इस दौरान न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हरा दिया। मुकाबले की शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद सुरेंद्र सिंह की टीम ने गोल करने के मौके भुनाए और लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मैच में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

लीग के मुकाबले देखने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन पहुंचे। मैचों के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए।

पेनाल्टी कॉर्नर गंवाना स्ट्राइकर्स को पड़ा भारी
न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबले में शुरुआत से ही गोल के लिए जोरदार कोशिशें देखने को मिलीं। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के पास शुरुआती बढ़त बनाने के मौके थे, लेकिन टीम दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सकी।

इसके बाद जीतू हेमला के पास पर ओम कुमार यादव ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल किया और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, शुरुआती बढ़त के बावजूद टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी।
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबले का रुख बदल दिया। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके कुछ देर बाद शादाब अहमद खान ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इस दौरान संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम गिर पड़े थे।
इसके तुरंत बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 3-1 कर दी। पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का दबदबा रहने के बावजूद स्कोर उसके पक्ष में नहीं रहा।
आशीष के गोल से वापसी की कोशिश, लेकिन अंतर बरकरार
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की। टीम एक और पेनाल्टी कॉर्नर को भुनाने में नाकाम रही, लेकिन मिले पेनाल्टी स्ट्रोक पर आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर दिया। इससे स्कोर का अंतर घटा।
न्यायधानी नाइट्स ने भी जवाब देने में देर नहीं की। चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम की बढ़त दो गोल की कर दी।

आखिरी क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की उम्मीदें फिर बढ़ाईं। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स ने दबाव में भी अपनी बढ़त बनाए रखी। अंत में सोनू ने गोल कर टीम की जीत 5-3 से पक्की कर दी।

मैच में आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
चक्रधर चैंपियंस ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की

दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने अपने दोनों मैच जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में जगह बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है।
चक्रधर चैंपियंस के लिए परमप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया।
राजधानी रॉयल्स के लिए यह लगातार दूसरी हार रही। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अब अपने बाकी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा और जीत दर्ज करनी होगी।
रविवार को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। इन मुकाबलों के नतीजे आगे की अंक तालिका और सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से अहम रहेंगे।

