रायपुर। छत्तीसगढ़ में मध्यान्ह भोजन रसोईया संघ ने अपनी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने बताया कि 30 सितंबर से सभी रसोईया अपने-अपने स्कूलों में पहुंचकर मध्यान्ह भोजन बनाने का काम शुरू करेंगी। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 5 अक्टूबर तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो संघ फिर से हड़ताल पर जाएगा।

16 जून से नहीं मिला था भुगतान
रसोईया संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने बताया कि 16 जून से मध्यान्ह भोजन की राशि नहीं आई थी। इसके साथ ही रसोईया दीदियों का मानदेय भी लंबित था। इसी समस्या को लेकर संघ के सदस्य आज डीपीआई कार्यालय जा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद सूचना मिली कि कुछ जिलों में राशि का आवंटन जारी हो गया है और रसोईया के खातों में भुगतान भी पहुंचने लगा है। नीलू ओगरे के मुताबिक, कम से कम 9 जिलों में राशि पहुंच चुकी है। इसके बाद संघ ने फिलहाल हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है।

कल से स्कूलों में खाना बनाएंगी रसोईया
नीलू ओगरे ने बताया कि 30 सितंबर से सभी रसोईया अपने-अपने स्कूलों में जाकर मध्यान्ह भोजन बनाने का काम शुरू करेंगी। जिन रसोईया के खातों में अभी तक राशि नहीं आई है, उनके खातों में भी धीरे-धीरे भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल रसोईया के खातों में केवल दो महीने की राशि ही आई है। अभी पूरा बकाया भुगतान नहीं हुआ है।
5 अक्टूबर तक भुगतान नहीं हुआ तो फिर होगी हड़ताल
संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने स्पष्ट किया कि हड़ताल को फिलहाल स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं। यदि 5 अक्टूबर तक सभी रसोईया के खातों में बकाया राशि नहीं पहुंचती है, तो संघ एक बार फिर हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


