रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित दाऊ अमरीश कुमार लक्ष्मेश्वर दयाल छत्तीसगढ़ी अग्रवाल भवन में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित की गई।

विदित हो कि छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के दानदाता कल्याण सिंह ने वर्तमान एम्स की 65 एकड़ भूमि दान की है। दाऊ दीनानाथ साव ने तेलीबांधा (करवाटोटी) में लगभग 400 एकड़ भूमि से प्राप्त आय से ठाकुर रामचंद्र स्वामी दूधाधारी मंदिर के भोग-राग-समैया की व्यवस्था का पत्रक बनवाया है। उमा बाई ने जैतू साव मठ की स्थापना की व मुद्गल वंशी गजराज साव जी ने नागरी दास मंदिर का निर्माण कराया व उसकी व्यवस्था के लिए धरसींवा में 500 एकड़ भूमि दान की। इसके अतिरिक्त भी छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के दानदाताओं के अनेक दान हैं।

इन दानों के संरक्षण, सुचारू रूप से संचालन व कानूनी पहलुओं की देखरेख के लिए समाज ने केंद्रीय समिति की निगरानी में दान संरक्षण समिति का गठन किया है। समिति दानदाताओं की मंशा के अनुरूप दान के संचालन की निगरानी व इससे संबंधित सभी कानूनी मुकदमों का संचालन करती है।

दान संरक्षण समिति ने केंद्रीय इकाई को रिपोर्ट दी है कि कुछ दिन पूर्व एम्स में उपराष्ट्रपति के आगमन पर एम्स की जमीन के दानदाता दाऊ कल्याण सिंह व उनके पिता विशेश्वर के नाम का आमंत्रण पत्र में कहीं उल्लेख नहीं था।

मुदगल परिवार के दान से निर्मित नागरी दास मंदिर की संपत्ति के अवैध उपयोग को लेकर समाज ने चिंता जाहिर की। नागरी दास मंदिर की मंदिर हसौद स्थित भूमि पर अवैध उत्खनन हो रहा है। मंदिर की धरसींवा स्थित लगभग 12 एकड़ जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा करके बाउंड्री बनवा ली है। ठाकुर रामचंद्र स्वामी दूधाधारी मंदिर के संचालन व संपत्ति व कोर्ट केस के बारे में भी विस्तार से चर्चा हुई।

समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने बताया कि एम्स की जमीन के विषय में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की घोषणा के अनुरूप उसके ओपीडी का नाम दाऊ बिशेषर नाथ के नाम पर करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से पत्राचार तेज किया जाएगा। नागरी दास मंदिर के विषय में आवश्यक कानूनी सलाह विशेषज्ञों से ली जा चुकी है। अब इस पर शीघ्र कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न स्थानों पर समाज द्वारा दान की गई जमीन पर समाज के सदस्यों द्वारा दानदाता की मंशा के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं। शेष स्थानों पर जहां मंदिर व उनकी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है, वहां कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

समाज की बैठक में संरक्षक उमेश अग्रवाल, सचिव जेपी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, शंकर नगर इकाई अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कुशालपुर इकाई अध्यक्ष एकांत अग्रवाल, गुढ़ियारी इकाई सचिव पंकज अग्रवाल, पत्रिका समिति प्रभारी सत्य प्रकाश अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष मिथिला अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, कौशलेंद्र अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H