शरद पाठक, छिंदवाड़ा। तीजा पोला त्योहार के दिन छिंदवाड़ा के सौंसर में उस समय मातम पसर गया, जब खदान के गहरे गड्ढे में डूबने से एक युवक लापता हो गया। घटना लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम वाढोना की है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 9 से 10 बजे के बीच वाढोना स्थित खदान के पास कुछ ग्रामीण अपने बैलों को धो रहे थे। इसी दौरान ग्राम खैरी तायगांव निवासी ज्ञानेश्वर बांगड़े वहां पहुंचा और तैरने के उद्देश्य से पानी से भरे गड्ढे में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ज्ञानेश्वर अच्छा तैराक था और एक बार पानी से बाहर भी आया, लेकिन दोबारा गहरे पानी में जाने के बाद वह बाहर नहीं निकल सका। युवक के अचानक गायब होने से मौके पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया के जुनून ने छीनी जान! पातालकोट के व्यू प्वाइंट से खाई में गिरा 24 साल का सूर्यभान
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और छिंदवाड़ा से एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम पानी के भीतर युवक की तलाश में जुटी है, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में वर्षों से खुली पड़ी डोला माईट की खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खनन के बाद इन कई फीट गहरे गड्ढों को बिना सुरक्षा बंद किए यूं ही खुला छोड़ दिया गया है। बारिश के मौसम में ये गड्ढे लबालब भरकर जानलेवा जलाशय का रूप ले लेते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



