शरद पाठक, छिंदवाड़ा। सोशल मीडिया पर रील बनाने और लाइक्स पाने का सनक भरा जुनून एक बार फिर एक हंसते-खेलते युवा की जान पर भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्थित प्रसिद्ध पातालकोट में रील बनाने के दौरान 24 वर्षीय युवक बाइक समेत हजारों फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस खौफनाक हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: आज ही निपटा लें बैंक के काम! 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, माह के अंत में 5 दिन का ब्रेक! जानिए क्या है वजह

चिमटीपुर व्यू प्वाइंट पर बिगड़ा बाइक का संतुलन

मृतक की पहचान तामिया निवासी सूर्यभान भारती (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सूर्यभान कल शाम अपने दोस्तों के साथ पातालकोट की चोटी पर स्थित तामिया क्षेत्र के चिमटीपुर व्यू प्वाइंट गया था। रील बनाने के चक्कर में वह खतरनाक और गहरी खाई के बिल्कुल किनारे तक बाइक लेकर पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक के साथ ही सीधे हजारों फीट गहरी खाई में जा गिरा।

सोशल मीडिया पर वीडियो देख पहुंची पुलिस, स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन को हादसे की भनक लगी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और देर शाम स्थानीय निवासियों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव और बाइक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: काचन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का जल सत्याग्रहः चार साल से अटका है प्रोजेक्ट

पातालकोट में लगातार हो रहे हादसे; सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गौरतलब है कि पातालकोट की दुर्गम और खतरनाक खाइयों पर रील व सेल्फी बनाने का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले भी ऐसे कई जानलेवा हादसे सामने आ चुके हैं, फिर भी लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन जगहों पर स्टंट करते हैं। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m