सुरेश पांडेय, सिंगरौली। विकास के दावों के बीच प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर ग्रामीणों ने अब पानी में उतरकर मोर्चा खोल दिया है। जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत डिग्घी के अंतर्गत आने वाले राजस्व गांव माटीडांड में ग्रामीणों ने काचन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। इस आंदोलन की अगुवाई आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष और देवसर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रतिभान प्रसाद कर रहे हैं, जिसमें महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सैकड़ों ग्रामीण नदी के बीचों-बीच खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

चार साल से कागजों में अटका है पुल

ग्रामीणों का मुख्य आरोप है कि काचन नदी पर पुल का निर्माण वर्ष 2022 में प्रस्तावित किया गया था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी यह योजना जमीन पर नहीं उतर पाई है। प्रशासनिक सुस्ती के कारण आज भी क्षेत्रीय जनता को बुनियादी सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।

MP में थमेगी झमाझम बारिश? 3 दिन मानसून पर ‘ब्रेक’, जानें मौसम विभाग की चेतावनी

आवागमन में भारी परेशानी

पुल न होने के कारण माटीडांड के अलावा सेमरिया, तेलियाखाड़ी और भदियां इन गांवों के हजारों ग्रामीणों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने पर संपर्क पूरी तरह कट जाता है और यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन मौके पर आकर पुल निर्माण कार्य शुरू करने की पक्की गारंटी नहीं देता, तब तक यह जल सत्याग्रह अनवरत जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m