सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। डूमरतराई में छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट थोक बाजार फेस-2 का नामकरण एवं लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधिवत रूप से थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस बाजार का नाम देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा गया है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 को शहर की बढ़ती जरूरतों और व्यवस्थित व्यापारिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने में छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य करते हुए कई योजनाओं को नई दिशा दी गई है। आवास निर्माण के साथ-साथ अब मंडल प्रदेश में बड़े अधोसंरचना प्रोजेक्ट्स को भी आगे बढ़ा रहा है।

सरदार पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण मंडल अब अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में विस्तार कर रहा है। पहले मंडल का कार्य नागरिकों को आवास उपलब्ध कराना था, लेकिन अब इसकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। अधोसंरचना विकास के कार्यों से लोक निर्माण विभाग का दबाव भी कम होगा। उन्होंने कहा कि एक समय मंडल घाटे में था, लेकिन बेहतर प्रबंधन और योजनाबद्ध कार्यों से बहुत कम समय में यह लाभ की स्थिति में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डूमरतराई थोक बाजार से व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने व्यापारी वर्ग को परोपकारी बताते हुए कहा कि यह बाजार शहर के विकास और व्यवस्था सुधार में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

थोक बाजार फेस-2 से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने में मिलेगी मदद : मंत्री ओपी चौधरी

वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि करीब 16 साल पहले नगर निगम आयुक्त रहते हुए शहर के बाहर होलसेल मार्केट बनाने की योजना पर कार्य शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि इस स्थान के चयन में चेंबर ऑफ कॉमर्स का भी सहयोग रहा। लंबे इंतजार और चुनौतियों के बाद अब यह बाजार व्यापारियों और शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात बनकर तैयार हुआ है। डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 के शुरू होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी और व्यापारियों को बेहतर सुविधाओं के साथ एक व्यवस्थित व्यापारिक स्थल उपलब्ध होगा। यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में सुनियोजित अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H