Bihar News: बिहार की सियासत में इन दिनों आरक्षण का मुद्दा फिर से बहस का केंद्र बना हुआ है। सत्ताधारी दल एनडीए में दलित राजनीति के दो प्रमुख चेहरे चिराग पासवान और जीतन राम मांझी आरक्षण को लेकर आमने-सामने हो गए हैं, जिनके बयानों ने इस बहस को एक नई दिशा देने के साथ ही इसे और तेज कर दी है। चिराग का कहना है कि आरक्षण खत्म करना तो दूर उन्हें इनकी समीक्षा भी मंजूर नहीं है। वहीं, मांझी परिवार (जीतन राम मांझी व संतोष सुमन) आरक्षण में संसोधन के पक्ष में हैं।

कोटे में सब-कोटे की मांग

आरक्षण को लेकर इन नेताओं के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। यहां तक की बात अब इस्तीफे की मांग तक पहुंच गई है। इस बीच जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है। मांझी ने कहा कि, जो बहस चल रही है, वो बहस स्वतः नहीं है। 2024 में सर्वोच्च न्यायालय ने सर्वसम्मति से एक सुझाव दिया, एक निर्णय दिया कि राज्य चाहे तो शेड्यूल कास्ट कोटा में भी सब-कोटा का विभाजन कर सकता है। इसके संबंध में भारत के कई राज्यों में कोटा में भी सब-कोटा की बात की गई है।

SC के आदेश अनुरूप बंटवारे की मांग

मांझी ने कहा कि, इससे फायदा ये हुआ है कि शेड्यूल कास्ट में कोटा का लाभ जो कुछ वर्ग के लोग कई सालों से लेते आ रहे थे, 90 प्रतिशत पोस्ट पर वही लोग हैं और जो लोग आर्थिक व शैक्षणिक दृष्टिकोण से नीचे तबके पर हैं। वे केवल 10 प्रतिशत में सीमित हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, जब पंजाब में बंटवारा नहीं था तो क्लास 1 में 7-8 जातियां थीं, जो 95 प्रतिशत उसका लाभ ले रही थीं, लेकिन जब बंटवारा हुआ तो वो जातियां थीं। वे 45 प्रतिशत पर सिमट गईं। जिसे लाभ नहीं मिल रहा था, उसे भी लाभ मिलना शुरू हो गया। बिहार में भी दलित और महादलित वर्ग बना। उन्होंने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप आरक्षण में बंटवारा होना चाहिए, जिससे नीचे तबके के वे लोग जो आरक्षण का लाभ नहीं ले पाए, उन्हें लाभ मिल सके।

इस्तीफे तक पहुंची बात

आरक्षण को लेकर इन दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी इस्तीफे की मांग तक पहुंच चुकी है। दरअसल एक सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा कि, अगर वे (संतोष मांझी और जीतन राम मांझी) क्रीमी लेयर की बात कर रहे हैं, तो पहले उन्हें और उनके बेटे को इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि, अगर क्रीमी लेयर की बात हो रही है, तो इस पर सदन में चर्चा होना चाहिए। यदि संविधान को बदलना है, इसे लोकसभा के पटल पर लाना होगा।

ये भी पढ़ें- पटना में सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी को लगी गोली, SI भी घायल