कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज शुक्रवार (17 जुलाई) को राजधानी पटना पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में NDA के उम्मीदवार बीजेपी से नीरज सिन्हा की जीत तय है और एनडीए पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है।
राहुल और तेजस्वी पर साधा निशाना
चिराग पासवान ने कहा कि, विधानसभा चुनाव में हार के बाद विपक्ष के लिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का यह एक बड़ा मौका था, लेकिन न तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी और न ही बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, दोनों नेताओं को बिहार की चिंता नहीं है और इसी वजह से राजद की स्थिति कमजोर हो गई है। पासवान ने कहा कि जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही चुनाव के दौरान मौजूद नहीं है, तो यह कार्यकर्ताओं के लिए भी निराशाजनक संदेश है।
दूसरे स्थान के लिए विपक्षी दलों में मुकाबला- चिराग
चिराग पासवान ने कहा कि, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर एनडीए के सहयोगी दलों के बीच बातचीत हो चुकी है। भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। उनके मुताबिक, इस चुनाव में असली मुकाबला विपक्षी दलों के बीच दूसरे स्थान के लिए होगा।
मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफा देने पर कही ये बात
वहीं, राजद नेता और प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर भी चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, मृत्युंजय तिवारी एक सभ्य और सुलझे हुए नेता हैं, जिन्होंने लंबे समय तक पार्टी का मजबूती से पक्ष रखा। ऐसे नेता का पार्टी छोड़ना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर गंभीर असंतोष है।
तेजस्वी में नहीं दिखते लालू के गुण
चिराग पासवान ने यह भी कहा कि कभी लालू प्रसाद यादव कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और सभी को सम्मान देने के लिए जाने जाते थे, लेकिन मौजूदा नेतृत्व में वह शैली दिखाई नहीं देती। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार दूरी बना रहे हैं और राजद कमजोर होती जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘BJP और JDU के नेताओं को हुआ तेजस्वी फोबिया’, जानें राजद प्रवक्ता ने क्यों कही ये बात?

