Chirag Paswan: जदयू के बाद अब चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी यूपी चुनाव को लेकर अपना रूख साफ कर दिया है। पटना में आज मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे यूपी चुनाव लड़ने की तैयारी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, यूपी में हमारी पार्टी चुनाव लड़ने के लिए 100% तैयार हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले कल सोमवार को जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार वाराणसी दौरे पर थे। जदयू बिहार की तरह यूपी में भी एनडीए के सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि गठबंधन नहीं होने पर भी पार्टी कम से कम 60 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का दावा कर रही है।

बीजेपी की मुश्किल बढ़ाएंगे चिराग-निशांत!

वहीं, जदयू के बाद अब चिराग पासवान ने यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान कर बीजेपी के लिए मुश्किल खड़ा करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल चिराग पासवान भी लंबे समय से यूपी में चुनाव लड़ने की बात करते रहे हैं। हालांकि गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर अभी तक उन्होंने कोई बड़ा बयान नहीं दिया है। लेकिन जदयू की तरह चिराग पासवान ने भी गठबंधन नहीं होने पर अकेले ही अपने दम पर पार्टी के चुनाव लड़ने की बात खुले तौर पर कही है।

403 सीटों पर अकेले लड़ने की तैयारी

वहीं, आज मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि, उनकी पार्टी यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि, NDA के साथ गठबंधन का रास्ता खुला है, लेकिन अगर बात नहीं बनी तो LJP (रामविलास) प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। बता दें कि यदि गठबंधन होता है, तो सीट बंटवारा का फैसला दोनों पार्टियों एवं गठबंधन की बैठक में आपसी सहमति से होगा।

जल्द वाराणसी में होगी बड़ी रैली- चिराग

चिराग पासवान ने नगालैंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां उनकी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा था और आज उसके दो विधायक हैं। चिराग ने यूपी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि, जल्द ही वाराणसी में उनकी पार्टी की तरफ से एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, इसके बाद 28 नवंबर में लखनऊ में उनकी पार्टी का स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा।

चिराग पासवान ने कहा कि, हमारी तैयारी मजबूत चल रही है। मैं मानता हूं कि चुनाव पास आते-आते हमारी पार्टी मजबूत दावेदार के तौर पर और मजबूत विकल्प के तौर पर अपने आपको उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत करेगी।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

इस दौरान चिराग पासवान ने राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने वोट चोरी और विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों पर कहा कि, कांग्रेस सत्ता में वापस आने के लिए बेचैन है। उसे लगातार मिल रही चुनावी हार के बाद आत्ममंथन करना चाहिए, लेकिन पार्टी अपनी गलतियों पर विचार करने की बजाय प्रधानमंत्री पर सवाल उठा रही है। वहीं, एसआईआर को लेकर कहा कि कांग्रेस जानबूझकर इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहती है। उन्होंने यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि, इन राज्यों के लोगों ने लंबे समय से कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखा है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं’, सम्राट चौधरी के बयान पर तेजस्वी का तीखा हमला