चित्रकूट. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट दौरे पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. सीएम ने अफसरों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने और साथ ही सभी विकासकार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने, मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान, गोवंश संरक्षण, किसानों एवं युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : 75 जनपदों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों की कार्ययोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया. उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए.
बता दें कि सीएम योगी ने चित्रकूट एवं मानिकपुर विधान सभा क्षेत्रों में 951 करोड़ की 124 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान की. उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान, विद्यार्थी कल्याण और सर्वस्पर्शी विकास का यही समन्वय ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की पहचान है.’ गौरतलब है कि सीएम योगी गुरुवार को भी चित्रकूट और बांदा दौरे पर रहेंगे.

