दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन (jantar mantar protest) करने मुंबई से पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर फ्लाइट के लैंड होते ही महिला पुलिस अधिकारी विमान के अंदर पहुंचीं और तीनों नेताओं को समझाने की कोशिश की। हालांकि, बात नहीं बनी और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा, “हम अरेस्ट होने के लिए ही आए हैं, कर लो अरेस्ट।” तीनों नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के इरादे से दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे करीब 200 लोग हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थलों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे करीब 200 लोगों को भी हिरासत में लिया है। राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और कई इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। इस बीच, CJP ने दावा किया है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि उसकी लीगल हेड रत्ना सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन दोनों मामलों में पार्टी के दावों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

केरल के पूर्व CM पिनराई विजयन हिरासत में

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई जारी है। शनिवार सुबह केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को भी दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें जंतर-मंतर रोड पर केरल हाउस के पास से हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें छत्रसाल स्टेडियम परिसर ले जाया गया।

जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे 200 प्रदर्शनकारी हिरासत में

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस इलाके से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे करीब 200 अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अप्सरा बॉर्डर पर लंबा जाम, गाड़ियां छोड़ पैदल दिल्ली जा रहे लोग

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के चलते सीमापुरी के अप्सरा बॉर्डर पर पुलिस की चेकिंग के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कमर्शियल गाड़ियों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिए जाने से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

एक किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर लोग

अप्सरा बॉर्डर पर जाम के कारण कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर पैदल ही दिल्ली की ओर जाते नजर आए। वाहनों की लंबी कतारों के बीच लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “मैं वहां से पैदल आ रहा हूं। करीब एक किलोमीटर चल चुका हूं। इतना लंबा जाम लगा है कि मुझे बस भी नहीं मिली, इसलिए पैदल चलना पड़ा। मुझे नई दिल्ली जाना है।”

प्रदर्शन से पहले सीमाओं पर बढ़ी निगरानी

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की जांच बढ़ाई गई है। वाहनों की चेकिंग और कमर्शियल गाड़ियों के प्रवेश पर रोक के चलते यातायात प्रभावित हुआ है। इससे आम लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

‘नेता हों या न हों, देशभर में जारी रहेगा प्रदर्शन’, CJP का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बावजूद देशभर में प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि आंदोलन नेतृत्व की मौजूदगी के बिना भी जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई के बीच विमान के अंदर रिकॉर्ड किए गए वीडियो संदेश में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा, “इमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी ने भी ऐसा नहीं किया था। मौजूदा स्थिति उससे भी ज्यादा खराब है और हम सभी गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं।”

‘संवैधानिक आंदोलन को बलपूर्वक रोकने की कोशिश’

CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया कि अधिकारी बल प्रयोग कर एक संवैधानिक आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भारी बैरिकेडिंग, इंटरनेट सेवाओं पर रोक और बड़े पैमाने पर हिरासत की कार्रवाई के बावजूद वह पीछे नहीं हटेगी। CJP ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी के मुताबिक, नेताओं को हिरासत में लिए जाने से प्रदर्शन पर असर नहीं पड़ेगा और देशभर में आंदोलन जारी रखा जाएगा।

पुलिस से बचने के लिए बंगला साहिब गुरुद्वारा में घुसे प्रदर्शनकारी

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस से बचते हुए बंगला साहिब गुरुद्वारा में दाखिल हो गए। बताया जा रहा है कि पुलिस उनके पीछे दौड़ रही थी, इसी दौरान प्रदर्शनकारी बचने के लिए गुरुद्वारे के अंदर चले गए। प्रदर्शनकारियों के गुरुद्वारे में प्रवेश करने के बाद घटनास्थल पर हलचल बढ़ गई। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए प्रदर्शनकारियों के धार्मिक स्थल में दाखिल होने की यह घटना प्रदर्शन के दौरान सामने आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m