CJP protest Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को अपने प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च की शुरुआत कर दी। पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में समर्थक इस मार्च में शामिल हुए हैं। मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। जंतर-मंतर से मार्च शुरू होने के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़प के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। घटनास्थल से सामने आई जानकारी के अनुसार, पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी संसद मार्ग तक पहुंच गए, जहां पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है और संसद सहित पूरे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हाई-सिक्योरिटी जोन में 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत संसद भवन, जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास के प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रवेश को सख्ती से नियंत्रित किया जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है और आने-जाने वाले लोगों की भी सघन जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर से संसद मार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है और संसद सहित संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों और लोगों की भी सघन जांच की जा रही है। इसी बीच, जंतर-मंतर पर कथित NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में लिया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने अब तक हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या या उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
CJP के संसद मार्च में शामिल हुए AAP के नेता
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च को सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कई वरिष्ठ नेताओं का भी समर्थन मिला। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संसद मार्च में शामिल हुए। तीनों नेता जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों के साथ नजर आए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


