कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुनियोजित तरीके से आम लोगों के वोट देने के अधिकार को छीनने की कोशिश कर रही है। जयराम रमेश ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा कि इसके तहत नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इस अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। CJP का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच हो रहा है।

जयराम रमेश ने कहा कि मताधिकार को लेकर चिंतित देश के युवा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनके आंदोलन को भी दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के प्रदर्शन से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की जोड़ी घबराई हुई है। कांग्रेस नेता ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए राजधानी की सड़कों पर व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। उनके मुताबिक, दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है और जगह-जगह हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

सीईसी ज्ञानेश कुमार पर भी जयराम रमेश का निशाना

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति के समय जो निर्देश दिए थे, उनका उन्होंने पूरी वफादारी से पालन किया है। रमेश ने दिसंबर 2023 में विपक्ष के 145 सांसदों के निलंबन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त को आजीवन कानूनी संरक्षण देने वाला कानून संसद से जबरन पारित कराया गया था। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर सुप्रीम कोर्ट में गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका इस्तीफा अब नैतिक अनिवार्यता बन गया है।

‘इस्तीफा लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में पहला कदम’

जयराम रमेश ने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लोकतंत्र की बुनियाद को फिर से मजबूत करने की दिशा में केवल पहला कदम होगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी लंबी लड़ाई बाकी है और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी लोगों, खासकर युवाओं को आगे आना होगा। कांग्रेस नेता ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग भी की। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के जरिए अब तक करीब 14 करोड़ भारतीयों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा चुका है।

राहुल गांधी ने भी दी प्रतिक्रिया, बोले- ‘ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी’

CJP के प्रदर्शन और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी, फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत।” राहुल गांधी की इस टिप्पणी को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक विरोध के संदर्भ में देखा जा रहा है। उनके बयान से इस मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर पार्टी के रुख का संकेत मिलता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m