CJP protest Delhi: संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सोमवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करा दिया था, लेकिन करीब छह घंटे बाद प्रदर्शनकारी दोबारा मौके पर लौट आए। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे तक जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में समर्थक जुट गए। इस दौरान CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया कि आंदोलन फिलहाल खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च किया जाएगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा। दीपके ने कहा कि CJP के कार्यकर्ता जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। सोमवार को अभिजीत दीपके के नेतृत्व में CJP समर्थकों ने संसद तक मार्च किया था। CJP का दावा है कि पिछले 14 वर्षों में पहली बार किसी प्रदर्शन के दौरान इतनी बड़ी संख्या में लोग संसद के मुख्य प्रवेश क्षेत्र तक पहुंचे। इससे पहले वर्ष 2012 में निर्भया कांड के विरोध में इसी इलाके में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था।
संसद मार्च और जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन ने अपनी सभी मांगें सरकार के सामने रख दी हैं और अब फैसला केंद्र सरकार को करना है। सौरव दास ने कहा, “हमने अपनी बात रख दी है। अब फैसला उन्हें करना है। उन्हें युवाओं को न्याय दिलाना होगा। हालांकि, आज पुलिस के जरिए जो कार्रवाई की गई, उसे देखते हुए मुझे उम्मीद कम लगती है। धर्मेंद्र प्रधान का समय पूरा हो चुका है और उन्हें जाना ही होगा। सवाल यह है कि वे कब जाएंगे?”
उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में पहली बार युवाओं के दबाव के चलते सरकार ने आंदोलनकारी पक्ष को बातचीत के लिए बुलाया है। उनके अनुसार, यह स्वयं आंदोलन की एक बड़ी सफलता है। सौरव दास ने कहा, “सरकार ने हमें चर्चा के लिए बुलाया। यह इस आंदोलन और विरोध की बड़ी जीत है। हमें भरोसा दिलाया गया है कि इस पूरे मामले पर चर्चा की जाएगी और जल्द ही हमें जवाब दिया जाएगा।”
दिल्ली पुलिस की अपील, कहा- शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें
संसद मार्च और जंतर-मंतर पर जारी CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का आग्रह किया।दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, “दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करती है। सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें।”
पुलिस ने आम जनता से भी सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की है। बयान में कहा गया कि नागरिक किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित गलत या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। दिल्ली पुलिस ने कहा कि लोग केवल विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें तथा राजधानी में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


