प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अपने गृह जिले उज्जैन प्रवास के दौरान नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर विभिन्न गरबा कार्यक्रमों में सहभागिता की और प्रदेशवासियों के साथ पर्व का उत्साह साझा किया। इस दौरान उन्होंने श्री महाकाल महालोक के समीप स्थित दस महाविद्याओं और विभिन्न शक्तिपीठों के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रमुख गरबा पंडालों में पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित गरबा महोत्सवों में पहुंचकर शिरकत की। दशहरा मैदान, डालडा फैक्ट्री और सामाजिक न्याय परिसर स्थित कार्यक्रमों में वे शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज बायपास स्थित सनातन मंच, ऋषि नगर तथा सिंधी समाज द्वारा आयोजित गरबा उत्सवों में भी उपस्थिति दर्ज कराई। पंडालों में पहुँचकर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से माँ दुर्गा की आरती उतारी और उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आयोजकों को महाअष्टमी, महानवमी और विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

10 महाविद्याओं के किए दर्शन और पूजन

गरबा आयोजनों के बाद मुख्यमंत्री ने जयसिंहपुरा स्थित महाकाल लोक के समीप पहुँचकर महाकाली माता एवं दस महाविद्याओं के विभिन्न स्वरूपों के पंडालों में दर्शन किए। उन्होंने यहाँ पूजन-अर्चन कर देवी माँ का आशीर्वाद लिया और इस दौरान वहाँ मौजूद श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद करते हुए उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की।


देश की रक्षा और पराक्रम

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ जगदंबा भवानी के आशीर्वाद से भारत आज दुश्मनों का डटकर सामना करने और आवश्यकता पड़ने पर उनके घर में घुसकर कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने देश के सशस्त्र बलों के पराक्रम की सराहना की।

पारिवारिक माहौल और महिला सशक्तिकरण: डालडा मैदान (मक्सी रोड) पर संस्था ‘अलख उज्जैनी’ के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम सब नवरात्रि का यह पावन पर्व अपनी बेटियों और परिवार के साथ पारिवारिक माहौल में मना रहे हैं। उन्होंने मातृशक्ति और बेटियों को प्रणाम करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार निरंतर जनहित के कार्य कर रही है।

अवंतिका नगरी का गौरव: उज्जैन के ऐतिहासिक वैभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनादि, अवंतिका, पद्मावती और अमरावती के नाम से प्रसिद्ध इस पावन नगरी का गौरवशाली इतिहास रहा है, और माँ की कृपा से उज्जैन का स्वरूप निरंतर निखर रहा है। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री स्वर्गीय भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में आयोजित ‘डांडिया नी रात’ पारिवारिक गरबा महोत्सव में भी सीएम ने शिरकत की। मुख्यमंत्री के इस दौरे से उज्जैन के गरबा पंडालों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m