मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के गांवों में धन्यवाद कार्यक्रमों के दौरान विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी लगातार चौथी बार सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न कोई नीति है और न ही कोई ठोस मुद्दा। कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा अपने वादों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को गांव भालड़, धनौरा जाटान और भैणी में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका पगड़ी पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तीनों गांवों के विकास कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 8 लाख रुपये की घोषणाएं भी कीं।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए संकल्पों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 217 संकल्पों में से मात्र 18 महीनों में 66 संकल्प पूरे कर दिए हैं। शेष 151 संकल्पों को भी इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का फायदा सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में विकास कार्य करा रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के आधार पर भाजपा 2029 में भी प्रदेश की सेवा करने का जनादेश प्राप्त करेगी।