कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज सोमवार (8 जून) को अपने कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की यह कैबिनेट बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी। इस बैठक में सीएम सम्राट चौधरी के अवाला दोनों डिप्टी सीएम, मुख्य सचिव और प्रमुख विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।

इस कैबिनेट बैठक में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है। वहीं, इस दौरान सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों पर चर्चा भी होगी। इसके अलावा कई नई नीतियों को मंजूरी भी मिल सकती है।

पिछली बैठक में 13 प्रस्तावों को मिली थी मंजूरी

सम्राट कैबिनेट की पिछली बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी थी। उस दौरान बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए कई फैसले लिए गए थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया गया था, ताकि अधिक जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ मिल सके।

चिकित्सा सहायता कोष की आय सीमा बढ़ी

सरकार ने मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ लेने के लिए वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपए से बढ़ाकर 4 लाख रुपए कर दी थी। इस फैसले के बाद ऐसे परिवार भी योजना के दायरे में आ सकेंगे, जिन्हें गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पिछली बैठक में कैमूर जिले के मोहनियां क्षेत्र में करीब 7 एकड़ सरकारी जमीन पर डेयरी और दुग्ध उत्पादन संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी दी गई थी। सरकार को उम्मीद है कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

आज की बैठक पर होगी नजर

वहीं, आज सोमवार को होने वाली सम्राट कैबिनेट की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। सम्राट कैबिनेट इस बैठक में विकास कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, नई नियुक्तियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण हादसा: विधायक से मिलकर लौट रहे 5 दोस्तों की कार नहर में गिरी, 4 की डूबने से मौत