Bihar Road Accident: बिहार के अरवल जिले में रविवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सभी मृतक पटना के रहने वाले थे, जो किसी विधायक से मुलाकात कर अपनी कार से पटना लौट रहे थे। इस दौरान अरवल-पटना नहर रोड स्थित गांधी मैदान के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में 4 युवकों की डूबने से मौत हो गई। वहीं, एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय कार की स्पीड काफी अधिक थी। लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार 100 KM से अधिक रही होगी। यही कारण था कि घटनास्थल के पास एक मोड़ पर वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नहर में जाकर गिर गई।
चार युवकों की डूबने से मौत
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत राहत व बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने कार चला रहे युवक को समय रहते निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन कार में सवार बाकी लोग बुरी तरह फंस गए। वहीं, इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और गोताखोर की टीम पहुंची और नहर में डूबी कार और लोगों को निकालने में जुट गई।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
गोताखोर ने काफी मशक्कत के बाद कार के अंदर फंसे तीन युवकों के शव को बाहर निकाला। वहीं, कार में फंसे चौथे युवक को कार समेत क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया। मृतक में तीन युवकों की पहचान बिहटा निवासी रिशांक और मनोज के रूप में हुई है। वहीं, एक मृतक की पहचान कंकड़बाग निवासी अमन के रूप में हुई है। चौथे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जबकि कार चला रहे युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई, जिसे बचा लिया गया। अरवल सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी मृतकों के शव को कब्जे में लेते हुए उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद परिसर में चीख-पुकार मच गई। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे की प्रमुख वजह मान रही है।
ये भी पढ़ें- खान सर को जेल या बेल? कोर्ट में सुनवाई आज, रौशन आनंद की रिहाई पर आ सकता है बड़ा फैसला

