Bihar News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी को गद्दार कहे जाने पर बीजेपी नेता लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। इस क्रम में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने भी राहुल के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राहुल गांधी का बयान बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण और उनकी अराजकतावादी सोच को दर्शाने वाला है।

140 करोड़ देशवासियों का अपमान- सीएम सम्राट

सीएम सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- लगातार चुनावी हार और निराशा अब उनके शब्दों और व्यवहार में साफ दिखाई देने लगी है। गांधी परिवार के आरंभ से अंत तक अपने शासनकाल में सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार किया, राष्ट्रीय सुरक्षा को ताक पर रखा, लेकिन ये रंग बदलने वाले देशहित और लोकतंत्र की बात किस मुंह से करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद पर लगाम लगी है, लोकतंत्र सशक्त हुआ और भारत का सम्मान विश्वभर में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ने केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान किया है। इस बेतुके बयान के लिए सार्वजनिक रूप से उन्हें माफी मांगनी चाहिए। अत्यंत निंदनीय!

राहुल गांधी का बयान

दरअसल आज बुधवार (20 मई) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली पहुंचे थे, जहां उन्होंने आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जो संविधान पर आक्रमण करता है, जो संविधान नष्ट करता है उसे आप क्या कहेंगे? गद्दार कहेंगे। इसलिए मैंने खुलकर कहा है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने देश का धन अडानी अंबानी को बांटा, देश की संस्थाओं को खत्म किया, वोट चोरी कराई। RSS के लोग सुन लें, आपने कहा कि मुझे माफी मांगनी चाहिए, मैं कभी माफी नहीं मागूंगा। मैं फिर कहूंगा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया।

आर्थिक तूफान को लेकर किया आगाह

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यह सच्चाई है। राहुल गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने कहा कि, नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। 

ये भी पढ़ें- ‘पशु का चारा खाकर राजनीति में नहीं आया’, TRE-4 आंदोलन को लेकर मिथिलेश तिवारी का राजद पर बड़ा हमला