कुंदन कुमार, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज (12, अक्टूबर) सोमवार को कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में शाम 4:30 बजे होगी। सम्राट कैबिनेट की इस बैठक (Samrat Cabinet Meeting) में शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और प्रशासनिक से जुड़े कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।

बैठक में सीएम सम्राट चौधरी, दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सम्राट सरकार आज इस बैठक में बाढ़ पीड़ितो को लेकर बड़ा ऐलान कर सकती है।

पिछली बैठक में 30 एजेंडों पर लगी थी मुहर

बता दें कि इससे पहले 30 सितंबर को हुई सम्राट कैबिनेट की बैठक में कुल 30 एजेंडों पर मुहर लगाई गई थी, जिनमें उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क परिवहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल थे। इन फैसलों से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी।

पिछली कैबिनेट में लिए गए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय

  • बिहार हरित हाइड्रोजन नीति 2026 के प्रारूप को मंजूरी: हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में निजी निवेश को आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से बिहार हरित हाइड्रोजन नीति 2026 के प्रारूप को स्वीकृति दी गई।
  • 35 पदों पर संविदा नियुक्ति को मंजूरी: वैशाली स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय, स्मृति स्तूप, संग्रहालय निदेशालय एवं राजकीय संग्रहालय के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 35 पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति को स्वीकृति दी गई।
  • वाटर कैनन और ब्रजवाहन की खरीद को मंजूरी: धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30 वाटर कैनन और 86 ब्रजवाहन खरीदने की स्वीकृति दी गई। इसके लिए 62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
  • ATF पर वैट की दर शून्य करने की मंजूरी: हवाई जहाज में ईंधन के रूप में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर वैट की दर 1 प्रतिशत से घटाकर शून्य करने को स्वीकृति दी गई।
  • डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में 34 पदों के सृजन को मंजूरी: विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कुल 34 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई।
  • शहीद जुब्बा सहनी विश्वविद्यालय में 34 पदों के सृजन को मंजूरी: शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कुल 34 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई।

कई मायनों में अहम होगी बैठक

सम्राट कैबिनेट की यह अहम बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब बिहार सरकार रोजगार और निवेश के मोर्चे पर अपनी नीतियों को गति देने में जुटी है। ऐसे में कैबिनेट बैठक के दौरान लिए गए फैसले राज्य के विकास और सरकारी योजनाओं की दिशा तय करने में काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। सरकारी महकमों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न प्रस्तावों को कैबिनेट के सामने रखा जाएगा, जिसपर चर्चा के बाद उनकी मंजूरी या आगे की प्रक्रिया को लेकर कैबिनेट फैसला लेगी।

ये भी पढ़ें– ‘सद्दाम हुसैन से भी बुरा होगा हाल’, भाई वीरेंद्र का मोदी सरकार पर हमला, जानें और क्या कहा?