कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी आज शुक्रवार (30, अक्टूबर) को पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के सफल एवं भव्य आयोजन की कामना के साथ पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेककर अरदास की। इस दौरान सीएम ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समीक्षा करके समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व पर बैठक हुई है और किस तरह इस भव्य रूप से मनाया जाए। इसे लेकर बैठक की गई है। इस दौरान सीएम के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजदू रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में प्रकाश पर्व के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य सचिव, डीजीपी, पटना के जिलाधिकारी और एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सीएम सम्राट ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि हर साल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व पटना साहिब में बड़े स्तर पर मनाया जाता है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में 360वें प्रकाश पर्व को लेकर सीएम का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 1476 करोड़ रुपए, बेमौसम बारिश पर CM सम्राट का बड़ा ऐलान

