Bihar News: राजधानी पटना में टीआरई-4 शिक्षक भर्ती समेत अन्य मांगों को लेकर आज छात्र सीएम आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतर हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर सीएम सम्राट चौधरी आज वैशाली पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, बिदुपुर में ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य बिहार के शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी ने महाविद्यालय के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन के फैकल्टी रूम में स्थापित सूचना-सहायता काउंटर का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं जानकारियों के संबंध में जानकारी ली।

छात्रों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान हो।

30 दिनों के अंदर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाली शिकायतों का समय-सीमा के अंतर्गत अधिकतम 30 दिनों के भीतर अंतिम निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जाए। विद्यार्थियों के सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं और इससे नीतियां बनाने में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स में नए और उपयोगी इनोवेशन को स्टार्टअप से जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों को नए विचारों और नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

हर माह के चौथे मंगलवार को आयोजित होगा शिविर

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। शिविर में शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन सहित विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य समस्याओं एवं सुविधाओं के संबंध में शिकायतों और सुझावों की सुनवाई की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने की व्यवस्था की गई है। हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। विद्यार्थी ऑनलाइन अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

डिप्टी सीएम और निशांत कुमार भी रहे मौजूद

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय वैशाली के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन के भूतल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग विभाग, वैशाली तथा जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र, वैशाली द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार समेत अन्य कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- ‘मुसलमानों को डराया जा रहा’, MLC खालिद अनवर का बड़ा बयान, बोले- भय के साए से निकलना होगा बाहर