Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं बापू टावर के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर गर्दनीबाग स्थित बापू टावर के प्रथम तल पर भवन निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बापू टावर के भूतल पर प्रसिद्ध सेरामिक आर्टिस्ट पद्मश्री ब्रह्मदेव पंडित द्वारा निर्मित महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही सीएम सम्राट चौधरी ने बापू टावर के दर्शकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ किया तथा बापू टावर द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘सत्याग्रह’ का विमोचन किया।

सीएम सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए उनके सत्य, अहिंसा, प्रेम और सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, महात्मा गांधी जी सत्य, अहिंसा और प्रेम के सबसे बड़े महानायक थे। महात्मा गांधी जी ने अपने विचारों, नैतिक शक्ति और अद्भूत संकल्प के बल पर देश की स्वतंत्रता के आंदोलन को नई दिशा दी। मात्र एक धोती पहनकर उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और देशवासियों को आजादी के लिए एकजुट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन, विचारों, संघर्षों और उनकी ऐतिहासिक यात्रा को समझने का बापू टावर एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इस स्मारक में बापू के जीवन के विभिन्न पड़ावों और उनके व्यक्तित्व के विविध पहलुओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह आने वाली पीढ़ियों को गांधीजी के विचारों और उनके योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। महात्मा गांधी का भी सपना था कि भारत विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए, विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने कहा कि, गांधी जी के आदर्शों को अपनाते हुए विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में हम सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी है।

सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य में विकास, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि, पटना के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर उससे लगभग 50 करोड़ रूपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि, कृषि फीडरों के लिए राज्य सरकार द्वारा 5,500 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। कृषि फीडरों को सोलराइज करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और ऊर्जा क्षेत्र में सरकार के व्यय को कम किया जा सकेगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार आज शिक्षा, संस्कृति और विरासत के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। देश के विभिन्न स्थानों पर विकसित हो रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संग्रहालयों के लिए बिहार के विशेषज्ञों और सलाहकारों की सेवाएं ली जा रही हैं। यह राज्य की बढ़ती विशेषज्ञता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में उसकी भूमिका को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के सभी 38 इंजीनियरिंग कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए मात्र 10 रूपये शुल्क निर्धारित किया गया है। राज्य में 700 मॉडल स्कूल संचालित हैं, जिनमें लगभग 3.5 लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन विद्यालयों के विद्यार्थियों को ‘विद्यार्थी साथी ऐप’ के माध्यम से 24X7 ऑनलाइन ट्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग मिल सके।

ये भी पढ़ें- जेल या बेल? IRCTC घोटाला केस में कल होगी अहम सुनवाई, लालू-राबड़ी दिल्ली रवाना