कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान आज सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। सम्राट चौधरी ने कहा कि, अगर व्यक्तिगत हमला कीजिएगा तो उसका जवाब भी मिलेगा।

सीएम सम्राट ने कहा कि, लालू जी बड़े नेता हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए सबसे पहले आरएसएस के मुख्यालय वही गए थे।इसलिए कहता हूं कि नीतीश कुमार नहीं रहते तो लालू जी नेता ही नहीं बनते। नीतीश कुमार ने उन्हें विरोधी दल का नेता बनाया फिर मुख्यमंत्री बनाया।

‘जो अपनी बहन का ध्यान नहीं रख पाया…’

इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, जो अपनी बहन का ध्यान नहीं रख पाया। वह क्या बोलेगा? गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद लालू यादव की बेटी और तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य आधी रात को राबड़ी आवास से रोते हुए बाहर निकली थी। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राबड़ी आवास में अपने साथ मारपीट होने के साथ-साथ कई गंभीर आरोप लगाया था, जिसे लेकर सम्राट चौधरी ने तंज कसा है।

‘पगड़ी खोज के रखिए सम्राट जी’

बता दें कि चर्चा के दौरान शुरू में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सदन में बोलने के लिए समय दिया गया था। इस दौरान तेजस्वी ने सीएम सम्राट पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा था कि, वे (सम्राट चौधरी) लालू जी के पाठशाला के हैं। अच्छी बात है। मेरे लिए भी यह अच्छी बात है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आपने अपनी पगड़ी, जहां खोल कर रखा है, वो खोज के रखिए सम्राट जी। भाजपा और आरएसएस के लोग आपसे खुश नहीं है। विजय सिन्हा जी खुश नहीं हैं।

सरकार में कोई ओरिजिनल भाजपाई नहीं- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि, सरकार में कोई ओरिजिनल भाजपा के लोग नहीं है। सम्राट लालू जी के पाठशाला से निकले हैं। विजय चौधरी कांग्रेस से आए हैं। बिजेंद्र यादव जनता दल से आए हैं। कोई भाजपा और आरएस एस के लोग नहीं हैं। आप समझिए कहां से खुश होगा भाजपा।

सीएम सम्राट की डिग्री पर भी उठाया सवाल

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सीएम सम्राट चौधरी के डिग्री पर भी सवाल उठाया था। तेजस्वी ने पूछा की कौन सा डिग्री है इनका? उन्होंने कहा कि, सबसे ज्यादा शकुनी चौधरी को हम धन्यवाद देंगे, जिन्होंने कहा था मोदी जी को भागलपुर के मिट्टी में गाड़ देंगे। उन्हीं का बेटा आज बिहार का मुख्यमंत्री है। इसपर जवाब देते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि, डिग्री के मामले में आप पीछे छूट गए हैं। डिग्री के मामले में मैं कम नहीं हूं।

ये भी पढ़ें- Bihar Vidhansabha Session: सम्राट चौधरी ने जीता विश्वास मत, विपक्ष ने सदन का किया बहिष्कार