कुंदन कुमार, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज (2, सितंबर) बुधवार को कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में शाम 4 बजे होगी। सम्राट कैबिनेट की इस बैठक (Samrat Cabinet Meeting) में शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और प्रशासनिक से जुड़े कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। बैठक में सीएम सम्राट चौधरी, दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

अचानक रद्द करनी पड़ी थी पिछली बैठक

आपको बता दें कि इससे पहले 26 अगस्त को होने वाली सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक अचानक रद्द कर दी गई थी। बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर लगी गई थीं। मंत्रियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में शामिल होने के निर्देश भी दे दिए गए थे, लेकिन अंतिम समय पर सुबह के समय प्रशासनिक कारणों के चलते इसे टालना पड़ा।

दरअसल 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद का पर्व मनाया जा रहा था, जिसके चलते आज आधिकारिक रूप से सरकारी छुट्टी भी घोषित थी। ऐसे में कहा जा रहा है कि पर्व के दिन सरकारी अवकाश होने और कुछ अन्य प्रशासनिक प्राथमिकताओं के चलते कैबिनेट बैठक को अचानक रद्द करना पड़ा। जबकि इससे पहले 19 अगस्त को हुए कैबिनेट बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी थी।

कई मायनों में अहम होगी बैठक

कैबिनेट की यह अहम बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब बिहार सरकार रोजगार और निवेश के मोर्चे पर अपनी नीतियों को गति देने में जुटी है। ऐसे में कैबिनेट बैठक के दौरान लिए गए फैसले राज्य के विकास और सरकारी योजनाओं की दिशा तय करने में काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। सरकारी महकमों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न प्रस्तावों को कैबिनेट के सामने रखा जाएगा, जिसपर चर्चा के बाद उनकी मंजूरी या आगे की प्रक्रिया को लेकर कैबिनेट फैसला लेगी।

ये भी पढ़ें- तेजस्वी ने पटना हाईकोर्ट स्थित मजार पर की चादरपोशी, बिहार के लिए मांगी अमन-चैन की दुआ