Tejashwi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कल मंगलवार (1 सितंबर) की देर शाम पटना हाईकोर्ट स्थित हजरत पीर जलाल शाह शहीद रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर पहुंचे, जहां उन्होंने चादरपोशी कर देश-प्रदेश की तरक्की, खुशहाली, एकता और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। इस दौरान उनके साथ सांसद संजय यादव समेत अन्य कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

यही तो भारत की खूबसूरती है- तेजस्वी यादव

इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि, वह हर साल उर्स के मौके पर यहां हमेशा चादरपोशी करने आते रहे हैं। तो इस साल भी हम आए हैं अभी 4 तारीख को जन्माष्टमी है और अभी हम जन्माष्टमी महोत्सव से पटना पहुंचे हैं और यहां पर उर्स का मौका है। इस मौके पर हमारा हर साल की परंपरा रही है कि यहां पर चादरपोशी करें और इस बार भी हमने यहां पर चादरपोशी की है।

उन्होंने कहा कि, यही तो देश की खूबसूरती है कि अलग-अलग धर्म, जाति,भाषा और राज्य है लेकिन हम सब एक हैं। इसलिए देश महान कहलाता है। हम सभी समाज, हर धर्म के लोगों का, हर जाति के लोगों का, हम मान-सम्मान करते हैं और आगे करते रहेंगे। यही असली खूबसूरती है।

जन्माष्टमी महोत्सव में भी हुए शामिल

बता दें कि इससे पहले तेजस्वी यादव औरंगाबाद के गोह में श्रीकृष्णा सामाजिक सेवा संघ द्वारा आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भी शामिल होने के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने हर्षोल्लास के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण जी से प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि, उन्नति-प्रगति और आनंद की मंगलकामना की तथा क्षेत्रवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी।

बिहार सरकार को बताया कंस जैसा क्रूर

तेजस्वी यादव ने कहा कि, भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेश और उपदेश को हमें आज के इस दौर में आत्मसात करने की अत्यधिक आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर भी तंज कसा और कहा कि, कंस सी क्रूर बिहार की डबल इंजन सरकार से आज हर व्यक्ति दुखी है। एनडीए सरकार प्रदत्त बेरोजगारी रूपी बुराई, अपराध रूपी अधर्म, भ्रष्टाचार रूपी भस्मासुर, महंगाई रूपी मारामारी, बलात्कार जैसे अत्याचार का नाश करना जनहित में जरूरी है।

ये भी पढ़ें- बिहपुर में कटाव प्रभावित बांध का मंत्री ने लिया जायजा, बोले- दिन-रात जारी रहेगा फ्लड फाइटिंग का काम