पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को गरियाबंद में रायपुर संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे हैं। बैठक से पहले विश्व पर्यावरण दिवस के ख़ास मौके पर उन्होंने जिला पंचायत परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पीपल का पौधरोपण किया। इसके बाद शुरू हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हितग्राही मूलक योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, लंबित राजस्व प्रकरणों और डिजिटल खसरा कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

बता दें कि समाधान शिविर के समापन के बाद आयोजित इस समीक्षा बैठक में जिले के विधायक रोहित साहू, जनक ध्रुव सहित रायपुर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद है। बैठक से पहले पौधरोपण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

PM आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश
बैठक की शुरुआत हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा से हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर विशेष रूप से नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिसंबर 2026 तक सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना शासन की प्राथमिकता है।
लंबित राजस्व प्रकरणों के जल्द निराकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को नियमित रूप से राजस्व न्यायालयों में मामलों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो सके और आम लोगों को राहत मिले।
खसरा के डिजिटल हस्ताक्षर कार्य में लाएं तेजी
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने खसरा के डिजिटल हस्ताक्षर कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महासमुंद और गरियाबंद जिलों में विशेष अभियान चलाकर इस कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
देर रात तक चल सकती है समीक्षा बैठक
बैठक में रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा और महासमुंद जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी (डीएफओ), जिला पंचायत सीईओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा के कारण बैठक देर रात तक चलने की संभावना है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

